यूपी के मऊ जिले के एक गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी मच गई जब लोगों ने पेड़ पर दो लाशें लटकी देखी। यह लाश गांव से ही कुछ दिनों पूर्व फरार हुए प्रेमी युगल की थी। घटना कोपागंज थाना क्षेत्र केफैजुल्लाहपुर गांव की है।
छोटे से शीशम के पेड़ की एक मामूली टहनी से जमीन से लगी दोनों प्रेमी युगलों की लाश मिलने से हर कोई आत्महत्या पर सवाल खड़ा कर उसे हत्या ही करार दे रहा था। शव को शौच के लिए जा रहे कुछ ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक के खिलाफ कोपागंज थाने में नाबालिग किशोरी को भगा ले जाने का मुकदमा भी दर्ज है।
फैजुल्लाहपुर गांव निवासी शेखर (30) का इसी गांव की 17 वर्षीय लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी जब घर वालों को हुई तो विरोध के चलते दोनों नौ सितंबर को फरार हो गए।
बताया जाता है कि उन्होंने किसी मंदिर में शादी भी कर ली। लड़की के पिता ने आरोपी युवक शेखर के विरुद्ध विगत 9 सितंबर 2017 को अपनी नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगाने का नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।