पुलिस को कमरा नंबर सात में जमीन पर श्वेता का खून से लथपथ शव और बेड पर पिस्टल पड़ी मिली। श्वेता के बाएं कान के नीचे गोली मारी गई थी जो आरपार हो गई थी। पुलिस की सूचना पर पहुंचे राम इकबाल की तहरीर पर सिगरा थाने में अमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
देर शाम पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अमित ने बेहद करीब से गोली मार कर श्वेता की हत्या की है। वारदात की वजह क्या है, इसका पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।
अमित ने दी पुलिस को सूचना, तीन साल से थी दोस्ती :
बिहार के भभुआ जिले का मूल निवासी और रथयात्रा क्षेत्र के कालिया नगर में रहने वाला अमित शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है। सिगरा इंस्पेक्टर के अनुसार, अमित ने ही श्वेता की मौत की सूचना पुलिस को दी थी। घटना सुबह लगभग 4:45 बजे की है। इससे पहले अमित साढ़े 4 बजे रिसेप्शन पर आया और दराज से पिस्टल निकाल कर ले गया।
अमित और श्वेता एक-दूसरे के संपर्क में तीन साल से थे। उधर, अमित के ससुराल के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह घर पर बहुत कम जाता था और होटल में ही रहता था। श्वेता और अमित की दोस्ती से आजिज आकर छह महीने पहले पत्नी दोनों बच्चों के साथ चंदौली स्थित मायके चली गई थी। होटल के मैनेजर जयप्रकाश मौर्या ने बताया कि मालिक की करीबी होने के कारण युवती बिना रोकटोक के आती थी और अक्सर रिसेप्शन पर भी बैठती थी। वहीं, श्वेता के दादा ने उसकी और अमित की दोस्ती से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि श्वेता सर्टिफिकेट लेने की बात कह कर निकली थी और सोमवार को उसके पिता के पेंशन संबंधी कागजात बनवाने थे।
तीन बिंदुओं पर सिगरा पुलिस कर रही तफ्तीश :
सिगरा इंस्पेक्टर सतीश सिंह ने बताया कि हम तीन बिंदुओं पर तफ्तीश कर रहे हैं। पहला यह कि शादी का दबाव बनाने पर पल्ला छुड़ाने के लिए अमित ने श्वेता को गोली तो नहीं मार दी। दूसरा अमित की शराब पीने की लत और पत्नी से दूरी जैसी कमियों का फायदा उठा कर श्वेता की निगाह उसकी संपत्ति पर तो नहीं थी। तीसरा बिंदु यह कि श्वेता की किसी अन्य युवक से करीबी बढ़ते देख गुस्से में अमित ने उसकी हत्या तो नहीं की।
श्वेता के पिता थे पुलिस में, मां-बाप की हो चुकी है मौत :
श्वेता के पिता मनोज सिंह यूपी पुलिस में कांस्टेबल थे और तीन साल पहले दशाश्वमेध घाट पर स्नान के दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई थी। श्वेता की मां सविता देवी की भी चार साल पहले मौत हो गई थी। उसकी छोटी बहन दीक्षा की शादी हो चुकी है और छोटा भाई शिवम देवरिया में इंटर की पढ़ाई करता है। श्वेता की हत्या की सूचना मिलने के बाद उसके घर पर सन्नाटा पसरा हुआ था और पड़ोसी कुछ बोलने को तैयार नहीं थे।
फिर विवादों में आया अशोका होटल :
अशोका होटल का नाम पहले भी विवादों में रहा है। लगभग चार महीने पहले लक्सा क्षेत्र के एक व्यापारी के नाबालिग पुत्र के अपहरण और हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी। इससे पहले अमित और उसके परिवार में मतभेद भी सुर्खियां बनी थीं। रोजाना देर रात तक युवतियों की आवाजाही को लेकर भी होटल अशोका चर्चाओं में रहता है।