यूपी के जौनपुर में मंगलवार की देर रात घर के बाहर अलग-अलग चारपाई पर सो रहे देवर और भाभी पर गांव के एक युवक ने पेट्रोल गिराकर आग लगा दी। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ धमकी देने और जलाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया। रजमलपुर गांव निवासी सविता मौर्य की बेटी अंशू मौर्या (20) की शादी इसी कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में हुई है।
अंशू मायके आई थी। मंगलवार को उसका देवर श्यामजीत मौर्य (20) भी आया था। रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। आधी रात के बाद गांव के एक युवक ने अगल बगल चारपाई पर सो रहे अंशू और श्यामजीत पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
दोनों ने शोर मचाया तो लोग जाग गए और किसी तरह आग बुझाई गई, लेकिन तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। भोर में करीब तीन बजे परिवार के लोग दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए यहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में दोनों की हालत खतरे से बाहर है। लड़की के पिता सविता मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने रजमलपुर गांव के अनिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
तहरीर में आरोप है कि युवक ने दो दिन पहले फोन कर धमकी दी थी कि वह दोनों को जलाकर मार डालेगा। उधर, मड़ियाहूं के क्षेत्राधिकारी रामभुवन यादव ने कहा कि उनको ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।