जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ करें। प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मौके पर जाकर भूमि विवादों का निस्तारण करें।
केराकत तहसील सभागार शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 80 जन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मौके पर केवल 12 मामलों का निस्तारण संभव हो पाया। सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 61 फरियादी प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे, जिसमें से मौके पर 4 मामलों का निस्तारण हो सका।
मड़ियाहूं तहसील में सीआरओ अजय कुमार अंबष्ट और एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय की देखरेख में आयोजित समाधान दिवस में 64 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया। शाहगंज में एसडीएम अंकुर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 76 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें नौ का निस्तारण हुआ।
मछलीशहर में तहसीलदार सुरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 89 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां भूमि संबंधी शिकायतों की अधिकता रही। सदर और केराकत तहसीलों में भी संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।