पत्नी की लाश के बगल में लेटा आरोपी पति
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक पति ने अंधविश्वास के चक्कर में अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। इसके बाद हद तो तब हो गई जब पति पूरी रात पत्नी के शव के साथ सोया रहा। पड़ोसियों की पुलिस को सूचना दी तब जा कर मामले का खुलासा हुआ।
वाराणसी के दारानगर में पीढ़ा से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर पति ने हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पति रात भर पत्नी के बगल में ही सोया रहा। रविवार को पड़ोसियों को शंका हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जैतपुरा पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जैतपुरा थाना अंतर्गत दारानगर निवासी बच्चा सिंह के मकान में बिहार के गया का रहने वाला प्रमोद ठाकुर (28) अपनी पत्नी बबिता (25) के साथ रहता था। प्रमोद सिलाई मशीन की दुकान पर मैकेनिक का काम करता था। रविवार को प्रमोद के कमरे का दरवाजा दोपहर तक नहीं खुला तो पड़ोसियों को शंका हुई। बबिता को आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो जमीन पर चटाई पर सफेद चादर से ढक कर बबिता का शव पड़ा हुआ था और प्रमोद उसी के बगल में लेटा हुआ था।