बनारस में गैंगरेप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर एक युवक ने एक किशोरी को पहले मोबाइल देने के बहाने बुलाया फिर उसके बाद नकली पिस्टल दिखाकर अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामुहिक दुष्कर्म किया।
किशोरी की मां की तहरीर पर चारों युवकों के खिलाफ सामूहिक दुराचार, धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। नामजद चारों आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो टीम गठित की गई हैं।
कैंट थाना अंतर्गत एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी को हाशिमपुर के अखिलेश ने मोबाइल देने के बहाने गुरुवार की शाम लालपुर क्षेत्र की शांति नगर कॉलोनी में सुनसान स्थान पर बुलाया था। आरोप है कि इस दौरान अखिलेश ने उसके साथ दुराचार किया।
इसके बाद मोबाइल से कॉल कर संदीप व शुभम और पुष्कर चौबे को बुलाया। आरोप है कि तीनों ने किशोरी को नकली पिस्टल दिखा कर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुराचार किया।
चारों ने किशोरी को धमकाया कि यदि उसने घटना के संबंध में किसी को बताया तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। वारदात के बाद किशोरी ने परिजनों को आपबीती सुनाई।
शुक्रवार को परिजन किशोरी को लेकर लालपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे और तहरीर दी। सीओ कैंट राकेश नायक ने बताया कि मुकदमा दर्ज करा कर किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है।