पांडेयपुर से पंचक्रोशी की तरफ जा रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने शनिवार की रात नईबस्ती में दोस्तों के साथ एक चाय की दूकान पर बैठे शोभनाथ पटेल (55) को कुचल दिया। जिससे उनका बायां हाथ शरीर से अलग हो गया।
इस दौरान मौके पर मौजूद रहे एक शख्स की खड़ी बाइक भी ट्रैक्टर से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पाकर पहुंची कैंट पुलिस से इलाकाई लोगों की काफी नोकझोंक हुई। उधर, मौके पर मौजूद रहे लोगों ने घटना के बाद ट्रैक्टर चालक को दौड़ाकर पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई की।
ट्रैक्टर चालक नशे में बताया गया है। सूचना पाकर पहुंची कैंट पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से घायल पेशे से दफ्तरी शोभनाथ को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।