फूलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दुराचार पीड़िता दलित किशोरी पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने अशोक कुमार गुप्ता, उसके भाई अवधेश गुप्ता और भाभी सोनी गुप्ता के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से तीनों घर छोड़कर फरार हैं। वहीं, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को तीन महीना पहले तीन बच्चों का पिता अशोक कुमार गुप्ता बहला-फुसला कर ले गया था। किशोरी के पिता की तहरीर पर अशोक के खिलाफ अपहरण, दुराचार और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी अशोक को जेल भेज दिया था। लगभग एक सप्ताह पूर्व अशोक को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
किशोरी के पिता के अनुसार बुधवार को घर पर उनकी बेटी अकेली थी। इसी दौरान अशोक, अवधेश और सोनी उनके घर में घुस आए और तीनों ने मिलकर किशोरी पर मिट्टी का तेल छिड़का और आग लगा दी। शोर मचाने पर तीनों घर से भाग निकले। गंभीर हालत में बेटी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष फूलपुर राजीव सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।