वाराणसी के दशाश्वमेध थाना अंतर्गत देहलू गली निवासी रौजल अली उर्फ भयानक (22) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। उसके दोनों हाथ और पैर को रस्सी से बांध कर शव को एक बोरे में भरकर सराय हड़हा की एक गली में स्थित कुएं के पास फेंक दिया गया था। सोमवार की सुबह इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची चौक पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को लेकर पुलिस कुआं से थोड़ी दूर स्थित एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस रौजल के साथ घूमने-फिरने वाले चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। भयानक नशे का लती बताया गया है।
उसके खिलाफ दशाश्वमेध, चौक, लक्सा सहित अन्य थानों में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, एनडीपीएस सहित अन्य आरोपों में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे और वह कई बार जेल जा चुका था।
संदिग्धों से की जा रही पूछताछ
रोजर अली के दुखी परिजनों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भयानक को रविवार की रात उसके तीन-चार दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। परिवारीजनों के अनुसार रात में 10 बजे के लगभग उसने घर पर फोन कर कहा कि वह जल्द ही आ रहा है लेकिन इसके बाद उसका पता नहीं लगा।
सोमवार की सुबह सराय हड़हा के दुकानदार अपनी दुकानें खोलने लगे तो कुएं के पास प्लास्टिक के बोरे में कुछ फेंका हुआ दिखा। सूचना पाकर पुलिस आई और बोरा खुलवाई तो भयानक का शव बरामद हुआ।
इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नशे के दौरान ही वारदात को अंजाम दिया गया है। चार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच जारी है।