वाराणसी के दशाश्वमेध थाना अंतर्गत देहलू गली निवासी रौजल अली उर्फ भयानक (22) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। उसके दोनों हाथ और पैर को रस्सी से बांध कर शव को एक बोरे में भरकर सराय हड़हा की एक गली में स्थित कुएं के पास फेंक दिया गया था। सोमवार की सुबह इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची चौक पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को लेकर पुलिस कुआं से थोड़ी दूर स्थित एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस रौजल के साथ घूमने-फिरने वाले चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। भयानक नशे का लती बताया गया है।
उसके खिलाफ दशाश्वमेध, चौक, लक्सा सहित अन्य थानों में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, एनडीपीएस सहित अन्य आरोपों में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे और वह कई बार जेल जा चुका था।