बनारस में अपराधियों के अंदर पुलिस का खौफ खत्म हो रहा है। जिसके कारण दिनदहाड़े सरेराह फायरिंग करना अपराधियों के लिए आम बात हो गई है।
बड़ागांव थाना की हरहुआ पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर सोमवार की दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने शिवा पाठक उर्फ साहेब (20) को गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए शिवपुर की ओर भाग निकले।
पुलिस ने मौके से .32 बोर की पिस्टल का एक खोखा बरामद किया है। वारदात का कारण शिवा और उसके दोस्तों के बीच मारपीट, रंजिश, रविवार की शाम एक-दूसरे को देख लेने को दी गई धमकी और आशनाई से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
तफ्तीश कर रही पुलिस की तीन टीमें शिवा के दो दोस्तों सहित नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हैं। पुलिस शिवा व उसके दोस्तों के मोबाइल की कॉल डिटेल के साथ ही हरहुआ बाजार से शिवपुर के बीच लगे आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, देर शाम शिवा की मां शोभा की तहरीर पर बड़ागांव थाने में शुभम सहित दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
धरपकड़ के लिए छापामारी जारी
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले के चौरी थाना अंतर्गत अमवा गांव का मूल निवासी संजय पाठक बड़ागांव थाना के दासेपुर गांव में किराये के मकान में पत्नी शोभा, तीन बेटों और दो बेटियों के साथ रहता है। संजय बाइक चोरी के आरोप में पिछले मार्च महीने से जेल में है जबकि शोभा निजी अस्पताल में दाई का काम करती है।
सोमवार की दोपहर शिवा अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से घर से हरहुआ बाजार गया था और पुलिस चौकी से कुछ दूर खड़ा था। एक बजे के लगभग बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और शिवा के सीने पर बाएं तरफ गोली मारे।
शिवा सड़क पर गिर कर तड़पने लगा तो क्षेत्रीय लोग उसे हरहुआ स्थित निजी अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि शिवा और उसके दोस्तों के बीच मारपीट और पुरानी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। संदिग्धों से पूछताछ और नामजद की धरपकड़ के लिए छापामारी जारी है।