केंद्रीय तिब्बती अध्ययन विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावास में शुक्रवार सुबह पूर्व मध्यमा के छात्र पेंजिम च्वींग (20) ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उसे अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह करीब 70 प्रतिशत जला है।
घटना के दौरान परिसर में केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के प्रमुख लोबसंग सिंगो का भाषण चल रहा था। तिब्बती संस्थान के लोगों का कहना है कि केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के प्रमुख के भाषण से वह प्रभावित था। वह तिब्बत को चीन की गुलामी से मुक्त देखना चाहता था।
अस्पताल में मजिस्ट्रेट के बयान में भी उसने घटना का करण तिब्बत की आजादी ही बताया है। कहा कि वह तिब्बत को चीन से आजाद देखना चाहता है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राज्य और कें द्रीय खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसकी सूचना पीएमओ को भी दी गई है।
गुरुवार को आए परीक्षा परिणाम में पेंजिम दो विषयों में फेल हो गया था। इसे लेकर भी वह डिप्रेशन में था। कर्नाटक के चमराग नगर जिले के मैसूर तालुक का रहने तिब्बती मूल का छात्र पेंजिम केंद्रीय तिब्बती अध्ययन विश्वविद्यालय परिसर स्थित हॉस्टल के कमरा नंबर 216 में रहता था।
वह पूर्व मध्यमा (कक्षा 10) की पढ़ाई कर रहा था। इसी बीच गुरुवार को केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के प्रमुख लोबसंग सिंगो सारनाथ पहुंचे थे। देर शाम उनका विश्वविद्यालय परिसर में उनका भाषण हुआ। इसमें तिब्बत के इतिहास और उसकी आजादी के लिए किए जा रहे प्रयासों पर उन्होंने बोला था।