लंका थाना अंतर्गत करौंदी में बुधवार की रात कार चालक रविकांत मौर्या को पिकप सवार तीन लोगों ने बंधक बना लिया। तीनों रविकांत को रोहनिया ले गए और कार, उसके पास मौजूद साढ़े सात हजार रुपये, साड़ियां व मोबाइल लूट कर उसे नीचे धकेल दिए। किसी तरह से उसने कार मालिक से संपर्क किया, तब जाकर गुरुवार को लंका थाना में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज हुआ।
भेलूपुर के रानीपुर निवासी रविकांत ने बताया कि वह मोहल्ले के ही अरविंद की कार चलाता है। बुधवार की रात वह महामनापुरी कॉलोनी स्थित अरविंद के इंब्रायडरी कारखाना से घर जा रहा था। करौंदी पहुंचने पर उसकी कार को ओवरटेक कर एक पिकअप सामने आ खड़ी हुई। पिकअप से तीन लोग उतरे और उसे असलहा सटाकर गमछे से उसका हाथपैर बांध दिए। पिकअप सवार दो लोेग कार में बैठे और रोहनिया की ओर बढ़े। रोहनिया पहुंचने पर उसके पास मौजूद रुपये और मोबाइल छीनकर उसे नीचे धकेल दिए और कार लेकर भाग निकले। अरिवंद के साथ रविकांत रोहनिया थाना पहुंचा लेकिन पुलिस ने उसे लंका थाने का मामला बताकर लौटा दिया। बता दें कि करौंदी में जहां रविकांत को बंधक बनाया गया वहां लंका थाने के सिपाही हमेशा मौजूद रहते हैं।