गाजीपुर में व्यापारी की हत्या के बाद जाम लगाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के गाजीपुर जिले में बुधवार की रात पिकअप सवार खाद्यान्न लुटेरों ने विरोध करने पर किराना व्यापारी को धारदार हथियार और लोहे के राड से हमला कर जान से मार डाला। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने धर्मागतपुर चट्टी पर गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया।
मौके पर पहुंचे एसपी सोमेन वर्मा और सदर एसडीएम विनय कुमार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। धर्मागतपुर गांव निवासी किराना व्यापारी मोहन चौहान (40) और उनके भाई अजय चौहान बुधवार की देर रात बाजार में बिक्री के लिए ट्रैक्टर पर गेहूं और चावल की बोरी लादकर चट्टी पर स्थित किराना दूकान के सामने ट्रैक्टर ट्राली खड़ा कर दिए थे।
ट्राली पर लदे गल्ले की देखभाल करने के लिए मोहन चौहान दूकान के बाहर टीन शेड में लगी चौकी पर सो गए। जबकि उसका भाई अजय चौहान दूकान की छत पर सोया हुआ था। रात करीब तीन बजे छत पर सोए अजह चौहान की नींद टूटी तो उन्होंने देखा की पिकप सवार कुछ लोग ट्राली पर लदे गेहूं और चावल की बोरी को पिकप पर लाद रहे हैं।
यह देख वह शोर मचाते हुए नीचे आया और पिकप पर बोरी लाद रहे बदमाशों से भिड़ गया। आवाज सुनकर दूकान के सामने सोए फल विक्रेता गोपाल चौहान की भी नींद टूट गई और वह भी शोर मचाते हुए बदमाशों से भिड़ गए। बदमाश दोनों को धक्का देकर पिकप लेकर भागने लगे।
यह देख मोहन चौहान पिकप के पीछे लगे ढाले को पकड़कर लटक गया। बदमाशों ने कुछ दूरी स्थित सोनहरा चट्टी के पास पिकप रोक दिया और मोहन चौहान के साथ मारपीट करने लगे।
वहीं बाइक सवार ग्रामीणों की भीड़ आता देख, बदमाशों ने मोहन चौहान पर धारदार हथियार और लोहे के रॉड से वार कर दिया और पिकप लेकर भागने लगे। घायल मोहन चौहान ढाले से बदमाशों के एक साथी को लेकर कूद पड़ा। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश पचोत्तर की ओर जाने वाली नहर पकड़कर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।