भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की चांदी की पांच शहनाइयां रविवार रात चोरी हो गईं। शहनाइयां चोरी होने की जानकारी पर परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब शहनाइयां नहीं मिलीं तब पुलिस को जानकारी दी गई। एसएसपी नितिन तिवारी ने सीओ दशाश्वमेध और इंस्पेक्टर चौक को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। आधी रात के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
शहनाई के जादूगर उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की चांदी की शहनाइयां उपहार में मिली थीं। रविवार रात उनके छोटे पुत्र काजिम हुसैन के घुंघरानी गली स्थित चहमामा मुहल्ले के मकान से चोरी हो गई। पता चला है कि काजिम चहमामा वाले घर पर ताला लगाकर 30 नवंबर को बीकाशाह स्थित मकान पर चले गए थे। रविवार की शाम जब घर आए, तब मकान का दरवाजे का ताला खुला हुआ था। भीतर जाने पर बड़े बाक्स का ताला टूटा हुआ मिला और उसमे रखी पांचों शहनाइयां गायब थीं। काजिम हुसैन ने घटना से एसएसपी को अवगत कराया गया।
इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर चौक थाने की पुलिस काजिम के चहमामा स्थित मकान पर पहुंची। पुलिस ने काजिम और उनकी पत्नी से पूछताछ की। घटना के मद्देनजर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। रात 12:30 बजे चौक थाने में उस्ताद की शहनाई चोरी जाने की घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उल्लेखनीय है कि उस्ताद के पांच पुत्रों में से दो महताब हुसैन, नैयर हुसैन का इंतकाल हो चुका है। उस्ताद जामिन हुसैन, यश भारती से नवाजे गए तबला वादक उस्ताद नाजिम हुसैन और काजिम हुसैन में आपस में अनबन रहती है। उस्ताद की शहनाई काजिम हुसैन ने अपने घर रखी थी।