पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर बुधवार को छेड़खानी और मारपीट की शिकार हुई महिलाएं काफी सहमी हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल में अपने संग हुई हैवानियत बयां करते दोनों बिलख पड़ीं थी। कहा, कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उधर, बुधवार देर शाम पीड़िता के होश में आने के बाद रात में रेलवे पुलिस के अधिकारी ने उनका बयान लिया। राजस्थान के अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र का एक युवक बुधवार को अपनी पत्नी और बहन संग विंध्याचल से दर्शन के बाद ट्रेन पकड़ने के लिए ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन आया था।
वहां दो मनबढ़ युवकों ने उसकी बहन से छेड़खानी की। विरोध करने पर दोनों महिलाओं को इतना पीटा कि उसकी पत्नी बेहोश हो गई, जबकि बहन का सिर फट गया। बाद में गोपीगंज पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल ज्ञानपुर में भर्ती कराया।
बुधवार की देर शाम महिला को होश आ गया। बृहस्पतिवार को अमर उजाला से बातचीत में उसने बताया कि मनबढ़ युवक उन पर ऐसे टूट पड़े जैसे उन्हें किसी का डर ही नहीं हो। आसपास मौजूद लोगों का भी मदद के लिए आगे न आना अचंभित कर गया।
पीड़िता ने बताया कि रात में रेलवे पुलिस के अधिकारी पूछताछ करने के लिए आए थे। पीड़ित महिलाओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
...और मनबढ़ों से डरती है जीआरपी
गोपीगंज के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बुधवार को दोपहर राजस्थान के अलवर की महिलाओं संग छेड़खानी की यह कोई पहली घटना नहीं है। गुरुवार को जिला अस्पताल आए जीआरपी के जवानों ने बताया कि स्टेशन के समीप एक गांव में करीब 20 से 30 की संख्या में मनबढ़ और बदमाश किस्म के युवक हैं।
जो स्टेशन पर आए दिन मारपीट, छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। यही नहीं स्टेशन के समीप गंदगी भी करते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की बात होती है तो बड़ी संख्या में लोग टूट पड़ते हैं।