आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी में गुरुवार को भारत और श्रीलंका के बीच इंग्लैंड में खेले गए एक दिवसीय क्रिकेट मैच पर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में रामगंज थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई कर दो सटोरियों को गुरुवार रात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन सटोरियों के कब्जे से करीब 14 करोड़ रुपए के सट्टे के हिसाब किताब की डायरी, 21 मोबाइल फोन, सेटटॉप बॉक्स, विभिन्न सटोरियों से जुड़ने वाली लाइन मशीन को जब्त किया है।
डीसीपी उत्तर सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय गुप्ता पुत्र रेवड़मल गुप्ता उम्र 35 वर्ष निवासी मकान नम्बर सी—16 ए, लक्ष्मीनारायणपुरी रामगंज और आरोपी मुकेश अग्रवाल पुत्र बनारसी अग्रवाल उम्र 36 वर्ष निवासी डी—115 ए, शान्ति नगर सोड़ाला जयपुर का रहने वाला है। चैंपियन्स ट्रॉफी में खेले जा रहे क्रिकेट मैच के दौरान रामगंज क्षेत्र में किक्रेट सट्टे की शिकायतें रामगंज थानाधिकारी अशोक चौहान को मिल रही थी। गुरुवार को भी भारत व श्रीलंका के मैच में सूचना मिलने पर एसीपी रामगंज चैनसिंह महेचा के निर्देशन में थानाप्रभारी अशोक चौहान व सबइंस्पेक्टर उदयभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस की भनक लगने पर अन्य सटोरिए भाग निकले
चैपिंयन्स ट्रॉफी भारत—श्रीलंका मैच पर सट्टा
- फोटो : Vishnu Sharma
इस पुलिस टीम ने रामगंज बाजार में लक्ष्मीनारायणपुरी स्थित मकान नम्बर सी—16 ए में तलाशी वारन्ट के जरिए तलाशी ली गई। जहां दोनों आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा। कमरे में उनके कब्जे से करीब 14 करोड़ रुपयों के सट्टे के हिसाब की डायरी, एक लाईन मशीन, 21 मोबाईल फोन, जीयो वाई फाई मॉडम, सोनी कम्पनी की एलईडी एवं सेटअप बॉक्स, दो लेपटॉप, एक टीवी समेत कई उपकरण जब्त कर लिए।
आरोपी सटोरिए अजय गुप्ता व मुकेश अग्रवाल से पूछताछ में सामने आया है कि चैम्पियन्स ट्राफी शुरु होने के बाद से ही वे दोनों लगातार स्थान बदल बदल कर क्रिकेट सट्टे की लाईन लेकर खाईवाली कर रहे थे। लाईन मशीन से इन लोगों ने रसीद आमेर, रोहित, गज्जू चौधरी, अमित, अशोक गुप्ता व संजय को लाईन दे रखी थी और इसका हिसाब मुकेश अग्रवाल नोट कर रहा था। पुलिस की भनक लगने पर अन्य सटोरिए भाग निकले। जिनकी तलाश की जा रही है।