चोलापुर में ऑटो चालक की हत्या के बाद पहुंची पुलिस।
चोलापुर थाना के उदयपुर साईं गांव में तालाब के किनारे युवक की सिर कटी लाश मिलने से मंगलवार की सुबह सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक एक्सपर्ट और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची लेकिन सिर का सुराग नहीं लग सका। शव के दोनों पैर बंधे थे और बाएं घुटने पर भी धारदार हथियार से वार किया गया था। दोपहर बाद पलहीपट्टी में एक लावारिस ऑटो मिला। क्राइम ब्रांच को पता चला कि उदयपुर साईं गांव में बरामद लाश हुकुलगंज नई बस्ती के कोहरान के अमित प्रजापति (26) की है। अमित मूल रूप से मिर्जापुर के चुनार के बेलाबीर गांव का रहने वाला था। चोलापुर पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुरानी रंजिश और आशनाई के विवाद को कारण मानकर तफ्तीश में जुटी है।
उदयपुर साईं गांव के लोग मंगलवार की सुबह तालाब की ओर गए तो देखा कि तालाब के किनारे पीले रंग की प्लास्टिक में कुछ बांध कर फेंका हुआ है। प्लास्टिक हटाया गया तो सिर कटी लाश दिखाई दी। ग्रामीणों ने 100 नंबर पर सूचना दी तो सारनाथ और फिर चोलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और धड़ को बाहर निकाला गया। जेब से गांजा की एक पुड़िया बरामद हुई। घटनास्थल से पांच सौ मीटर दूर बने एक कमरे के बंद मकान के सामने काफी खून गिरा हुआ था जिस पर मिट्टी डालकर उसे ढकने की कोशिश की गई थी। पुलिस ताला तोड़कर कमरे में घुसी तो वहां एक फावड़ा मिला जिसकी बेंत पर खून के निशान थे। कमरे में परफ्यूम की महक आ रही थी। एक चौकी पर परफ्यूम की खाली शीशी पड़ी थी और जगह-जगह खून के छींटे पड़े थे।
चोलापुर थानाध्यक्ष के अनुसार यह मकान आजमगढ़ के मूल निवासी और खजुरी में रहने वाले अधिवक्ता का है। उनके मोबाइल पर बात करने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी बीच चोलापुर पुलिस को सूचना मिली कि पलहीपट्टी में एक लावारिस ऑटो खड़ा है। क्राइम ब्रांच ने पता लगाया तो सामने आया कि ऑटो चौकाघाट क्षेत्र के अनिल का है जिसे हुकुलगंज नईबस्ती के कोहरान निवासी दिलीप प्रजापति का साला अमित चलाता था।
अमित मूल रूप से मिर्जापुर के चुनार के बेलाबीर गांव का रहने वाला था। मगर, बचपन से ही अपने जीजा के घर रहता था। सोमवार को 10 बजे अमित ऑटो लेकर निकला तो वापस नहीं लौटा। घरवालोें के अनुसार मुहल्ले के ही कुछ लोगों से कुछ समय पहले गली में आने-जाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके अलावा और कभी अमित के किसी विवाद की बात सामने नहीं आई। एसपी ग्रामीण आशीष तिवारी ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। चोलापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।