धूमनगंज इलाके में सोमवार आधी रात शादी समारोह से घर लौटते समय टेंपो की जबरदस्त टक्कर से बाइक सवार शिवप्रताप (22) की मौत हो गई। उसकी फुफेरी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। युवक हेलमेट नहीं लगाए था इसलिए उसके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। उसके परिवार में मातम पसरा है।
शिवप्रताप मूल रूप से फर्रूखाबाद जनपद में मोहम्मदाबाद इलाके में रहने वाले रामनिवास के चार पुत्रों और दो बेटियों में दूसरे नंबर पर था। वह यहां धूमनगंज के अबूबकरपुर में अपने फूफा राजगीर का काम करने वाले अशोक कुमार के साथ रहकर मिनरल वाटर सप्लाई करता था। सोमवार रात वह फुफेरी बहन गायत्री (20) के साथ राजापुर इलाके में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था।
देर रात करीब साढे़ ग्यारह बजे वे दोनों घर लौट रहे थे तभी सुलेमसराय में अमितदीप मोटर्स के पास अनहोनी हो गई। तेज रफ्तार में बेकाबू टेंपो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वे दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। राहगीर तथा आसपास के लोग जुट गए। धूमनगंज थाने की पुलिस पहुंची। शिवप्रताप की वहीं मौत हो गई थी। गायत्री गंभीर रूप से घायल थी। सूचना पाकर परिजन भी आ गए। गायत्री को निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। घटना की जानकारी पाकर फर्रूखाबाद से शिवप्रताप के पिता समेत परिजन आ गए।