मिर्जापुर। अहरौरा के लखनिया दरी जल प्रपात घूमने आए फ्रांसीसी पर्यटकों को छेड़छाड़ और जानलेवा हमले से बचाने वाली वाराणसी के सोनारपुरा की तीन सगी बहनों रिया दत्ता, मिली दत्ता और तान्या दत्ता को गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में सम्मानित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी तीनों बहनों को इसके लिए आमंत्रित किया है। प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने इन बहादुर बहनों को प्रदेश स्तरीय पुरस्कार देने की घोषणा की थी। हालांकि इस बारे में अभी तक घोषणा नहीं हुई है।
10 दिसंबर को फ्रांस से वाराणसी और आसपास के इलाके में घूमने आए सात सैलानियों के साथ तीनों बहनें अपने गाइड चाचा नितिन डे के साथ लखनिया दरी में पिकनिक मनाने गईं थीं। पर्यटकों के दल में चार महिलाएं भी थीं। फ्रांसीसी दल के वापसी के दौरान वहां मौजूद नशे में धुत 12 युवकों ने इस दल की महिलाओं के साथ फोटो खिंचाना चाहा। कुछ देर बाद युवक इन महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर इन युवक पर्यटकों के साथ हाथापाई करने लगे।
तीनों बहनों से यह बर्दाश्त नहीं हुआ। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए इन युवकों से मोर्चा लिया। विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित करने के बाद तीनों बहनें इन युवकों पर टूट पड़ीं। लाठी-डंडों और कोल्ड ड्रिंक की बोतलों से युवकों को भागने के लिए मजबूर कर दिया। छह युवक भाग गए थे, जबकि ज्यादा नशे में धुत एक युवक को इन्होंने बंधक बना लिया। इस युवक को तीनों बहादुर बहनों ने पुलिस के पहुंचने पर ही छोड़ा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया था।
विदेशी पर्यटकों में ‘अतुल्य भारत’ की साख बचाने के लिए एसपी ने तीनों बहनों को 26 जनवरी पर सम्मानित करने की घोषणा की थी। चार आरोपियों को पकड़ने वाली यूपी100 की टीम को भी सम्मानित करने की बात कही गई थी। एसपी ने बताया कि तीनों बहनों को सम्मानित करने के लिए आमंत्रण भेजा गया है।