बरईपार। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के वारी गांव की पुलिया के पास शनिवार को सुबह करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूल जा रही कक्षा सातवीं की छात्रा की मौत हो गई जबकि उसकी छोटी बहन घायल हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने घटना स्थल पर ही मछलीशहर-बरईपार मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने समझा बुझाकर घंटे भर बाद जाम को समाप्त करवाया।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के इसीमगंज(कान्हापुर) गांव निवासी नन्हकू बिंद की पुत्री लक्ष्मी (12) और उसकी अपनी छोटी बहन प्रिया(10) सुबह साइकल से स्कूल जा रही थी। दोनों इन्द्रदेव जूनियर हाईस्कूल बरईपार की छात्रा थीं। लक्ष्मी साइकल चला रही थी जबकि उसकी छोटी बहन पीछे बैठी थी। दोनों वारी गांव में पुलिया के पास पहुंची थी तभी सामने से ईंट लादकर आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। साइकल चला रही लक्ष्मी ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि साइकल के पीछे बैठी प्रिया घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मछलीशहर पहुंचाया गया। जहा उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम विमल कुमार दुबे ने समझा बुझाकर घंटे भर बाद जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना से पीड़ित परिवार के घर में कोहराम मच गया है।