मछलीशहर । नगर पंचायत के चेयरमैन संजय जायसवाल पर बुधवार को कार्यालय में घुसकर हंगामा करने का आरोप लगाया गया है। ईओ का आरोप है कि हंगामे के दौरान कुर्सियां फेंकी गईं और कर्मचारियों के लैपटांप बंद कर दिए। यह भी आरोप है कि चेयरमैन ने अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हुए ईओ को बुलाने के लिए कहा। पूरे हंगामे की एक कर्मचारी ने वीडियो क्लिप बना ली है। ईओ ने शुक्रवार शाम डीएम से मिलकर शिकायत की । जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र ने मामले की जांच मुख्य राजस्व अधिकारी को सौंपी है।
आरोप है कि बुधवार को चेयरमैन नगर पंचायत परिसर में पहुंचते ही कर्मचारियों से दुर्व्यवहार शुरू कर दी। उन्होंने भला-बुरा कहते हुए उनकी कुर्सियां उठा कर फेंक दीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता उन्होंने सभी को धमकाते हुए लैपटाप बंद करा दिया। अधिशासी अधिकारी धीरज सिंह का आरोप है कि चेयरमैन ने उनके प्रति अपशब्द का इस्तेमाल किया। कहा कि वह गलत काम कराने का दबाव बना रहे हैं। नहीं करने पर धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकरण से डीएम को अवगत करा दिया गया है। बुधवार को यह घटना हुई। उस दिन वह लखनऊ बैठक में थे। कर्मचारियों ने उन्हें घटना की सूचना दी तो एसडीएम एवं सीओ को फोन कर अवगत कराया। उधर, चेयरमैन संजय जायसवाल का कहना कि तोड़फोड़ करने का आरोप बेबुनियाद है। नगर के मुख्य मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके चलते जनता की नाराजगी झेलनी पड़ रही है।