वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विजय संकल्प सभा कर प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद नदेसर स्थित छोटा कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन भी मौजूद रहेंगे।
वाराणसी संसदीय सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही चुनाव प्रचार अभियान के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी थी। प्रदेश में 24 मार्च से भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत हो चुकी है। पूर्वांचल में पहले दिन मिर्जापुर में राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी और गाजीपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने विजय संकल्प सभा की थी। 26 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के लिए 32 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा मंच तैयार किया गया है। काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि काशी क्षेत्र के 12 लोकसभा क्षेत्रों में 26 मार्च को विजय संकल्प सभाएं होंगी। इसके लिए अलग-अलग पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।