बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कुआलालंपुर (मलयेशिया) के बीच सीधी विमान सेवा इस महीने के अंत में प्रारंभ होने वाली है। विमान सेवा प्रारंभ होने को लेकर एयरपोर्ट पर तैयारियां जोरों से चल रही हैं। सीधी विमान सेवा प्रारंभ हो जाने के बाद वाराणसी से मलेशिया जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।
मलयेशिया की एयरलाइंस मालिंदो एयर द्वारा वाराणसी से कुआलालंपुर के बीच सीधी विमान सेवा प्रारंभ की जाने वाली है। यह विमान सेवा इसी माह 30 मार्च को प्रारंभ हो सकती है। वहीं, आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि विमान सेवा मार्च की बजाय जून में भी शुरू हो सकती है। जारी शेड्यूल के अनुसार मालिंदो एयर का विमान कुआलालंपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद रात 10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरेगा। वहीं बाबतपुर एयरपोर्ट से यह विमान रात 11 बजे कुआलालंपुर के लिए प्रस्थान करेगा।
वहीं, बाबतपुर एयरपोर्ट से सूरत और उदयपुर के लिए पिछले साल 30 नवंबर को स्पाइस जेट एयरलाइंस द्वारा प्रारंभ की गई उड़ान को 31 मार्च से बंद कर दिया जाएगा। एयरलाइंस के अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर एयरलाइंस को घाटा तो नहीं हुआ लेकिन जितना अंदाजा लगाया गया था उतना मुनाफा भी नहीं हो सका। यही कारण है कि एयरलाइंस प्रबंधन द्वारा इस उड़ान सेवा को बंद किया जा रहा है।