मेजवां (आजमगढ़)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के माहुल तिराहे पर शनिवार की रात दस बजे लघुशंका करने गए किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली किशोर के पेट में लगी। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर दो बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के उदपुर गांव निवासी याकूब (16) पुत्र शमी अहमद के परिवारवालों के मुताबिक शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे किसी का फोन आया कि मिट्टी उठानी है। अपना ट्रैक्टर लेकर आ जाओ। इसके बाद याकूब बड़े भाई यूसुफ के साथ ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चला गया। ट्रैक्टर माहुल तिराहे पर पहुंचा कि ट्रैक्टर बंद हो गया। इस पर याकूब ट्रैक्टर से उतर कर वहां से सौ मीटर पीछे लघुशंका करने चला गया। जबकि यूसुफ ट्रैक्टर पर ही बैठा रहा। एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। इसमें एक की लंबाई अधिक थी जबकि दूसरा छोटे कद का था। इसमें एक बदमाश ने याकूब को गोली मार दी। इसके बाद बदमाश टेऊवा बरौली की तरफ भाग गए। उधर, घायल याकूब दौड़ कर यूसुफ के पास आया और बताया कि उसे गोली लग गई है। इसके बाद वह बेहोश हो गया। अफरातफरी में याकूब का मोबाइल गिर गया और उसकी स्क्रीन टूट गई। यूसुफ की सूचना पर घरवाले पहुंचे और याकूब को अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और आसपास के दूकानदारों से पूछताछ की। याकूब के बड़े भाई इब्राहिम ने तहरीर देकर दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी तक हत्या के कारण की जानकारी नहीं हो सकी है।