खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के नसीरपुर तिराहा के पास शनिवार की सुबह आठ बजे सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से बेटी को परीक्षा दिलाने जा रहे सुरेश यादव (45) की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया। बीस मिनट बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
आजमगढ़ जिले के रौनापार थाने के अराजी असगर निवासी सुरेश यादव बेटी सोनी यादव और पड़ोसी की लड़की विमला को पुलिस भर्ती की परीक्षा दिलाने के लिए शनिवार की शाम सेहमलपुर गांव निवासी रिश्तेदार के यहां पहुंचे थे। सुबह परीक्षा केंद्र के लिए बस पकड़ने सुरेश सोनी और विमला के साथ नसीरपुर तिराहा पर पहुंचे। इसी दौरान सोनी ने प्रवेश पत्र चेक किया तो उस पर सब्जी का दाग लग गया था। उसने पिता को प्रवेश पत्र दिखाया तो उन्होंने कहा कि रुको मैं इसका फोटो स्टेट कराकर आता हूं। फोटो कापी कराने के लिए वे सड़क पार कर रहे थे कि वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने बीस मिनट बाद जाम खत्म करा दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में मृतक के पट्टीदार हरिश्चंद्र यादव ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।