अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय आलोक कुमार की अदालत ने मंगलवार को हत्या के प्रयास के मामले में आकाश सिंह को दोषी करार देते हुए पांच साल के कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियान पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी संतोष कुमार तिवारी ने पैरवी की। न्यायालय ने आदेश दिया कि अभियुक्त ने जेल में जितनी अवधि बिताई है, उसे सजा की अवधि में समायोजित किया जाएगा। अर्थदंड की 70 प्रतिशत राशि पीड़ित को देने का भी आदेश दिया गया है।
अभियोजन के अनुसार, मामला 15 अगस्त 2021 का है। चेतगंज थाना क्षेत्र में फल के ठेले पर सेब खाने को लेकर अरुण सोनकर का एक युवक से विवाद हो गया था। आरोप था कि युवक ने अरुण की गर्दन पर धारदार वस्तु से वार कर दिया। इससे वह घायल हो गए। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी भी देकर गया था। अरुण की तहरीर पर चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। विवेचना और सुनवाई के बाद अदालत ने आकाश सिंह को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
तितली गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख का माल मिला
चोरी करने वाले अंतरजनपदीय तितली गिरोह के तीन आरोपियों को लंका और भेलूपुर पुलिस ने सोमवार रात रविंद्रपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके पास से एक स्कूटी, सफेद धातु की दो सिल्ली और 50000 रुपये मिले हैं। सामान की कीमत चार लाख रुपये है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आराेपियों में भगवानपुर निवासी समीर सोनकर, नगवा निवासी करन सोनकर और बिहार के रोहतास विक्रमगंज का मूल निवासी और वर्तमान में भगवानपुर का रहने वाला हिमांशु गिरी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशा करने के लिए चोरी करते थे। जुलाई और अगस्त में भागवत धाम कॉलोनी, श्यामनगर कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी और जानकी नगर कॉलोनी में चोरी की वारदात कबूल कीं। चांदी को पिघलवाकर सिल्ली बनवाते थे। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि सर्राफ की भूमिका की भी जांच करवाई जा रही है। समीर पर 20, करन पर 6 और हिमांशु पर 4 मामले दर्ज हैं।
पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग, विवाहिता को बच्चों समेत घर से निकाला
जौनपुर के हरिहरपुर गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर दो बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। पीड़िता की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस ने पति समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बड़ागांव थाना क्षेत्र के धरमनपुर गांव निवासी इम्तियाज शाह की बेटी सितारा की शादी 12 अक्तूबर 2020 को जौनपुर के हरिहरपुर गांव निवासी मुनीब के बेटे राहुल के साथ हुई।
विवाहिता के मुताबिक, शादी में मायके पक्ष ने 50 हजार रुपये नकद, गृहस्थी का सामान और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। आरोप है कि पति राहुल, ससुर मुनीब, सास नसरून, जेठ असगर समेत अन्य पांच लाख नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित करने लगे। सितारा के अनुसार, विवाद सुलझाने के लिए कई बार पंचायत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
आरोप है कि 26 जुलाई 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे बाबतपुर में छोड़ दिया। इसके बाद से वह दो बच्चों के साथ मायके में रह रही है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।