वाराणसी। चौकाघाट स्थित कालीजी मंदिर के समीप कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस की हत्या की जांच पुलिस तीन बिंदुओं पर कर रही है। पुलिस अभिषेक के करोड़ों की जमीन के विवाद, उसके घर में सासाराम निवासी मो. आसिफ की हत्या की रंजिश और हनी सिंह व विवेक सिंह कट्टा से अदावत के आधार पर वारदात की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है। इस संबंध में एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि हम वारदात से जुड़े हर पहलू को खंगाल रहे हैं। पूरी उम्मीद है कि पुलिस की गिरफ्त में जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले शूटर और साजिश रचने वाले लोग होंगे।
वहीं, वारदात के खुलासे के लिए गठित वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर पुलिस की आठ टीमों ने शुक्रवार की शाम से शनिवार की देर रात तक 17 जगह दबिश देकर 39 लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। मकबूल आलम रोड निवासी अभिषेक सिंह प्रिंस की गोली मार कर शुक्रवार को हत्या कर दी गई थी। फायरिंग के दौरान अभिषेक की बाइक चला रहा उसका ड्राइवर दीपक गौड़ गोली लगने से घायल हो गया था। तफ्तीश कर रही पुलिस टीमों के अनुसार, पहला बिंदु यह है कि दोहरे हत्याकांड में नामजद शार्दूल सिंह से मकबूल आलम रोड स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को लेकर एक लंबे समय से अभिषेक से खींचतान चल रही थी। शार्दूल को हनी और विवेक कट्टा से अभिषेक की अदावत के बारे में भी पता था। अभिषेक कुछ उन लोगों के भी संपर्क में था जो जमीन के कारोबार में खुद को शार्दूल से सताया हुआ बताते थे। इसके मद्देनजर जमीन और फ्लैट के कारोबार से जुड़े शहर के 11 लोगों से पुलिस ने पूछताछ की है।
जांच के दूसरे बिंदु के तहत पुलिस अभिषेक के घर में मारे गए भभुआ निवासी मो. आसिफ से जुड़े लोगों की रंजिश को खंगाल रही है। इसके मद्देनजर पुलिस की एक टीम भभुआ रवाना की गई है। वहीं, पुलिस की तफ्तीश का सबसे अहम बिंदु अभिषेक सिंह हनी और विवेक सिंह कट्टा से अभिषेक की वर्षों पुरानी अदावत है। विवेक फिलहाल भूमिगत है और हनी बागपत जेल में है। इसके मद्देनजर पुलिस दोनों के ही 23 करीबियों से पूछताछ कर चुकी है।
आखिर कौन आया था अभिषेक से सुबह नौ बजे मिलने
तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता लगा है कि शुक्रवार की सुबह नौ बजे अभिषेक से एक शख्स मुलाकात करने उसके घर आया था। बताया जा रहा है कि उस शख्स की भी जमीन और फ्लैट की बिक्री संबंधी विवाद को लेकर शार्दूल सिंह से रंजिश है। वह शख्स अभिषेक के इलाके में ही रहता भी है। उस शख्स से मुलाकात के बाद ही अभिषेक बाइक से दीपक के साथ घर से चंदौली के लिए रवाना हुआ। पुलिस उस शख्स को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अभिषेक की कनपटी और पीठ पर एक-एक गोली लगी थी, जबकि बाल्मीकि के सीने पर एक गोली लगी थी।
पुलिस के इकबाल को चुनौती, शूटरों के बिहार के होने की आशंका
चौकाघाट में बाइक सवार बदमाशों ने व्यस्त सड़क पर दो लोगों की हत्या कर सीधे-सीधे पुलिस के इकबाल को चुनौती दी है। इस घटना से आमजन के बीच भय का माहौल है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल के समीप लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखने के बाद बताया कि बाइक पर पीछे बैठा हुआ बदमाश सिर पर गमछा बांधे था और पैर में चप्पल पहनी थी। पुलिस का मानना है कि दोनों प्रोफेशनल शूटर बिहार के हैं। शूटरों को अभिषेक की हत्या की सुपारी दी गई होगी और उन्हें पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।