वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित सेंट मेरी चर्च की दीवारों पर हिंदू विरोधी स्लोगन लिखने व धार्मिक भावना को आहत करने के मामले में अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। मामले की सुनवाई अब 8 फरवरी को होगी।
वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित सेंट मेरी चर्च की दीवारों पर हिंदू धर्म विरोधी स्लोगन लिखने, हिंदुओं की धार्मिक भावना को आहत करने और विरोध करने पर गालीगलौज के मामले में अदालत में प्रार्थना पर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार विश्वकर्मा की अदालत ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए कैंट थाने से आख्या तलब करते हुए सुनवाई के लिए अगली तिथि 8 फरवरी नियत की है।
विज्ञापन
प्रकरण के अनुसार राजन गुप्ता, विजय जायसवाल, पवन कुमार पाठक, रजत जायसवाल, आशीष गुप्ता और रत्नशंकर तिवारी ने अपने अधिवक्ता सुधीर त्रिपाठी के जरिये दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 156 (3) के तहत अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है।
इसमें में कहा गया है कि बीते 22 जनवरी की सुबह नौ बजे उन्हें फोन से सूचना मिली कि छावनी क्षेत्र स्थित सेंट मेरी चर्च के प्रवेश द्वार के चारों तरफ की दीवारों पर हिंदू धर्म विरोधी स्लोगन लिखे गए हैं। इस पर जब प्रार्थीगण वहां पहुंचे तो देखा कि चर्च के बाहरी दीवार पर हिंदू धर्म विरोधी बातें लिखी थीं।
इस बारे में बिशप व पादरी से पूछा गया तो वह लोग उग्र हो गए और गाली दी। इसके साथ ही चर्च की दीवार पर लिखे स्लोगन मिटाने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोपियों को तलब कर दंडित करने की मांग की है।