वाराणसी में बड़ागांव में जीत के बाद खुशी मनाते सर्मथक।
- फोटो : अमर उजाला
दो दिनों तक चली त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना पूरी होने के साथ ही गांव में सरकार बन गई है। गहमागहमी के बीच ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य की सीटों पर दूसरे दिन सोमवार शाम तक मतगणना पूरी हो गई। इनमें ग्राम प्रधान के 692, बीडीसी के 986, ग्राम पंचायत सदस्य के 1327, जिला पंचायत सदस्य के 40 सीटों पर परिणाम घोषित किया गया। जीते हुए प्रत्याशियों को आरओ की ओर से जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। कई जगहों पर जीते प्रत्याशियों ने विजय जुलूस निकाला। वहीं मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
आराजी लाइन के लिए जगतपुर डिग्री कॉलेज, काशी विद्यापीठ के लिए डिवाइन सैनिक स्कूल लहरतारा, सेवापुरी ब्लाक के लिए राजकीय आईटीआई कॉलेज कपसेठी में गिनती हुई। बड़ागांव के लिए बलदेव डिग्री कॉलेज, पिंडरा के लिए नारायणी चैलेंजर कान्वेंट स्कूल गंगापुर, हरहुआ के लिए काशी कृषक इंटर कॉलेज, चोलापुर के लिए आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज, चिरईगांव के लिए जयप्रकाश स्नातकोतर महाविद्यालय उमरहा में गिनती शाम तक पूरी हुई। वोटों की गिनती की सबसे धीमी रफ्तार ब्लाक चिरईगांव में रही। प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतों की गड्डिïयां बनाने के बाद गिनती पूरी की गई।