वाराणसी में कोरोना टीकाकरण
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वांचल के विंध्य, वाराणसी और आजमगढ़ मंडल में शनिवार को 1120 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। आजमगढ़ में एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई। वाराणसी में सर्वाधिक 512 मरीज मिले हैं वहीं सोनभद्र में 92, गाजीपुर में 90, चंदौली में 80, आजमगढ़ में 74, बलिया में 73, जौनपुर में 68, मऊ में 52, मिर्जापुर में 41, भदोही में 38 संक्रमित मिले।
वाराणसी में टीबी के मरीजों को कोरोना संक्रमण से बचाने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत उन टीबी मरीजों को घर पहुंचकर टीका लगाया जा रहा है, जिन्होंने अब तक पहली/दूसरी डोज नहीं लगवाई है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल सिंह के मुताबिक टीबी मरीजों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। इनमें कोरोना संक्रमण की संभावना अधिक रहती है।
जिले में टीबी के 12,006 पंजीकृत मरीज हैं। 8921 मरीज अलग-अलग केंद्रों पर टीका लगवा चुके हैं। अब भी 3085 ऐसे मरीज हैं, जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है। इसमें 75 प्रतिशत दूसरी डोज वाले हैं जबकि 25 प्रतिशत ने अभी पहली डोज ही नहीं ली है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि अब तक टीका न लगवाने वालों की अलग से सूची तैयार करने के बाद उन्हें टीका लगवाया जा रहा है। मरीजों को न केवल घर जाकर टीका लगाया जा रहा है बल्कि उनके साथ परिजनों को भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जा रही है। शुक्रवार से शुरू अभियान में अब तक दो दिन में 250 मरीजों को टीका लगाया जा चुका है।
पढ़ें: पंडित बिरजू महाराज की अस्थियां गंगा में विसर्जित, शिष्यों की मांग- कथक सम्राट को मिले भारत रत्न