वाराणसी में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। सामान्य दिनों में टीकाकरण के अलावा अब मेगा अभियान चलाकर भी टीके लगाए जा रहे हैं। जनवरी महीने से चल रहे अभियान में नौ महीने में अब तक 21.78 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें शहरियों को 10,09156 जबकि ग्रामीण इलाकों में 11,69, 219 का टीकाकरण हुआ।
जिस तरह से कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है, उसको देखते हुए अधिक से अधिक लोगों से टीका लगवाए जाने की अपील की गई है। अब उसका असर दिखने लगा है। अब तक नौ महीने में लगी 21.78 लाख डोज में 16,70,459 को पहली और 5,07,916 ने दूसरी डोज लगवाई।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि अब तक 21,78,375 लोगों को टीका लग चुका है। इसमें शहरी क्षेत्र में शहरी क्षेत्र में 5,86,330 पुरुष, 4,22,460 महिला और ग्रामीण इलाकों में 6,24,263 पुरुषों और 5,44,332 महिलाओं का टीकाकरण किया गया। सीएमओ ने बताया कि अब तक 19,02,989 लोगों को कोवीशिल्ड जबकि 2,75,386 लोगों को कोवैक्सीन का टीका लग चुका है।