चंदौली और भदोही में सोमवार को कोरोना के एक-एक संदिग्ध मरीज भर्ती किए गए। जबकि गाजीपुर के तीन और आजमगढ़ के एक कोरोना संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद छुट्टी दे दी गई। चंदौली के एक संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
चंदौली में सदर विकास खंड के बबुरी इलाके की कोरोना की संदिग्ध मरीज को सोमवार को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। युवती सप्ताह भर पहले उत्तराखंड से लौटी थी। तबीयत खराब होने पर उसे एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। उसका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
सैयदराजा कोतवाली क्षेत्र के कोरोना के एक संदिग्ध मरीज को रविवार रात पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
भदोही जनपद के गोपीगंज नगर के एक मुहल्ले में बंगाल से आए एक युवक को खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर सोमवार को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड भर्ती किया गया।
उसके खून का नमूना लेकर जांच के लिए बीएचयू भेज दिया गया। गाजीपुर में जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड के भर्ती तीनों संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट रविवार रात में आई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर इनको छुट्टी दे दी गई।
इस तरह यहां भर्ती सभी 14 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। आजमगढ़ में भर्ती एक संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। यहां अब तक सभी 14 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जौनपुर में भी रविवार को एक संदिग्ध मरीज भर्ती हुआ था। उसकी रिपोर्ट भी अभी नहीं आई है।