श्री काशी विश्वनाथ धाम के परिसर में बृहस्पतिवार की शाम को हुई प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंजाब में प्रधानमंत्री के साथ हुई घटना पर पंजाब सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री के साथ हुई घटना असांविधानिक और लोकतांत्रिक मान्यताओं की धज्जियां उड़ाने वाली है। पंजाब में जो गैर लोकतांत्रिक और असांविधानिक कृत्य देखने को मिला है उसके लिए कांग्रेस देश की जनता से माफी मांगे।
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई घटना को देश के साथ साजिश बताते हुए कहा कि देशवासी साजिशकर्ताओं को माफ नहीं करेंगे। जब देश सुरक्षित रहेगा, तभी हम सभी सुरक्षित रहेंगे। लेकिन कुछ लोग इसमे सेंध लगाना चाहते हैं। यह देश के प्रधानमंत्री के प्रति पंजाब सरकार और कांग्रेस का गैर जिम्मेदाराना रवैया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब प्रधानमंत्री के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है तो पंजाब सरकार आम नागरिकों के साथ कैसा व्यवहार करती होगी।
प्रधानमंत्री की लंबी आयु के लिए की विशेष पूजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लंबी आयु के लिए काशी के कोतवाल और बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा की है। बाबा विश्वनाथ की कृपा और पीएम के कारण ही काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप नजर आ रहा है। बाबा की कृपा यूं ही बनी रहे और पीएम नरेंद्र मोदी का नेतृत्व व प्रेरणा निरंतर प्राप्त होती रही।
काशी विश्वनाथ धाम में होगा क्राउड मैनेजमेंट
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद श्रद्धालुआें की संख्या में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। भक्तों की संख्या और सुविधा को देखते हुए धाम क्षेत्र में क्राउड मैनेजमेंट लागू किया जाएगा।
ओमिक्रॉन का संक्रमण तो तीव्र, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका वैज्ञानिकों ने जताई है। कोरोना का नया स्वरूप ओमिक्रॉन बहुत खतरनाक नहीं है। इसका संक्रमण तो तीव्र है, लेकिन यह वायरल फीवर की तरह ही है। इसके बावजूद सतर्कता बरतकर ही हम कोरोना के खिलाफ लड़ाई जीत सकते हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने मुफ्त वैक्सीन लगवाई है। पांच लाख से अधिक किशोरों को वैक्सीन लग चुकी है। प्रदेश में 20 करोड़ 75 लाख डोज वैक्सीन लगा चुके हैं। घबराने की जरूरत नहीं है और 98 फीसदी मरीज होम आइसोलेशन में ठीक हो सकते हैं। होम आइसोलेशन में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा। प्रदेश भर में निगरानी समितियों को सतर्क किया गया है और पीएम के मार्गदर्शन में हम कोरोना को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।