राजातालाब। तहसील राजातालाब में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से मौका मुआयना कर शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया। इस मौके पर कुल 55 मामले आए।
मरुई गांव की शशि सिंह ने कहा कि अपनी भूमि के मेड़बंदी के लिए छह बार शिकायतपत्र दिया। समस्या का समाधान नहीं हुआ। चौखंडी के देवेंद्र पांडेय ने कहा कि भतीजे और भतीजी को प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका द्वारा मारा-पीटा गया। परिवार के लोग शिकायत करने गए तो शिक्षिका ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कचनार की राजकुमारी ने बंगालीपुर में अपनी भूमि पर कब्जा किए जाने शिकायत की। मरुई के ग्राम प्रधान अजय ने गांव में निर्मित नाले के निर्माण कार्य में ग्रामीणों द्वारा बाधा डालने की शिकायत की। उनका कहना था कि गांव की सरकारी भूमि पर कुछ लोग खेती कर रहे हैं। लेखपाल अवैध कब्जा हटाने में रुचि नहीं ले रहा है। इस दौरान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।