वाणिज्य कर विभाग की टीम ने बनारस स्टेशन पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की पार्सल बोगी में छापामार कर दिल्ली से बिना ई वे बिल के लाए जा रहे 25 नग सामान को जब्त कर लिया।
शनिवार की सुबह बनारस स्टेशन पर करीब पांच बजे जैसे ही दिल्ली से काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आई, वाणिज्य कर विभाग की टीम पार्सल बोगी के पास पहुंची। एडिशनल कमिश्नर प्रदीप कुमार के निर्देशन में टीम ने बोगी में रखे सामानों की जांच शुरू की तो 25 नग सामान बिना ई वे बिल का रखा मिला। एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि इसमें रेडीमेड गारमेंट, होजरी आदि रखा था। मांगने पर कोई ई वे बिल भी नहीं दिखा सका। इस वजह से सामान को विभाग के चेतगंज स्थित कार्यालय लाकर जब्त कर लिया। इसके अलावा टीम ने चौकाघाट स्थित एक बस में भी छापेमारी कर बिना जरूरी कागजात के रखे करीब डेढ़ लाख के माल को जब्त किया गया। एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि ट्रेनों के अलावा बसों में भी अभियान चलाकर छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा बस में छापेमारी के दौरान ही मिर्जापुर में चांदी भी पकड़ी जा चुकी है। बसों में छापेमारी का अभियान भी जारी रहेगा।