सीएनजी स्टेशन से गैस भरवाकर वाराणसी रेलवे स्टेशन जा रही ऑटो में महेशपुर जीटी रोड पर अचानक आग लग गई। बाइक सवार युवक ने चालक को ऑटो में आग लगने की जानकारी दी।
वाराणसी के महेशपुर क्षेत्र में जीटी रोड पर बुधवार शाम सवारियों से भरी ऑटो में आग लग गई। चालक और सवारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। घटना से मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। क्योंकि जिस ऑटो में आग लगी थी, उसमें सीएनजी सिलिंडर लगा हुआ था। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मड़ौली स्थित सीएनजी स्टेशन से गैस भरवाकर कैंट जा रही ऑटो में महेशपुर जीटी रोड पर अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक और ऑटो में बैठे दो यात्री सुरक्षित बच गए। देखते ही देखते आग लगने से पूरी ऑटो जल गई।
बाइक सवार युवक ने ऑटो में देखी आग
जिस जगह पर ऑटो में आग लगी वहां पास में ही जाली में ट्रांसफार्मर रखा था। आसपास ढेर सारी ट्रकें माल लादकर खड़ी थी। क्षेत्रीय लोगों की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। बभनौली सिदौना जिला गाजीपुर निवासी ऑटो चालक संग्राम सिंह ने बताया कि ऑटो के पिछले हिस्से में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई।