राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी बोले, संसदीय कार्यालय भी जाएंगे सीएम
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिवसीय वाराणसी दौरा विकास के साथ ही कानून व्यवस्था पर केंद्रित होगा। मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने की उपलब्धियाें से जनता रूबरू होगी जबकि मुख्यमंत्री वाराणसी समेत पूरे मंडल के विकास कार्यक्रमों, जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति और कानून व्यवस्था के हालात से रूबरू होंगे।
इस अहम बैठक में मंडलायुक्त समेत शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी शामिल होंगे। सीएम वाराणसी में अरसे से निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। इसे लेकर नौकरशाहों की धुकधुकी और तेज हो गई है।
बुधवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश के विधि-न्याय, सूचना, युवा खेल राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर कटिंग मेमोरियल मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी की शुरुआत 25 मई को होगी।
26 की शाम काशी पहुंचने के बाद सीएम योगी भी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। उसके बाद सर्किट हाउस में शहर के विशिष्टजनों से मुलाकात के बाद रात्रि विश्राम करेंगे। 27 मई की सुबह सीएम काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
इसके बाद वाराणसी की विकास योजनाओं पर कमिश्नर साथ बैठक करेंगे। फ्लाईओवर, पुल, अस्पताल, कुंड, स्कूल, थाना आदि में से किसी का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक होगी।
कहा कि कटिंग में आयोजित कार्यक्रम पूरी तरह आम जनता के लिए है। यहां सीएम जनसभा करेंगे। सर्किट हाउस में मुलाकात करने वालों की सूची जिला प्रशासन तैयार करवा रहा है। मुख्यमंत्री पीएम के संसदीय कार्यालय भी जाएंगे।