हैबतपुर में निगरानी समिति की बैठक में सीएम योगी ने कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने, टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने के साथ ही गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शून्य से 12 वर्ष के बच्चों को कोरोना की दवा का किट नि:शुल्क वितरित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री के हाथों राशन पाकर हैबतपुर गांव की पात्र गृहस्थी कार्डधारक गदगद हैं। उनका कहना है कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि सीएम स्वयं अपने हाथों से राशन बांटेंगे। उनका कहना है कि सीएम के आगमन से न सिर्फ गांव की सूरत बदल गई, बल्कि हमें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलीं, जिससे आज तक हम अनभिज्ञ थे। बैठक में लेखपाल हरेंद्र सिंह, आशाबहू सुभावती तिवारी, रेखा राय के अलावा सीमा राय, राजकुमारी और सचिव धर्मेंद्र पाठक मौजूद रहे।