श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के दौरान अद्भुत अनुभूति हुई एवं बाबा विश्वनाथ के अभिषेक के दौरान काफी अभिभूत हुआ। मुख्यमंत्री ने मॉरिशस के प्रधानमंत्री को बताया कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं इच्छा के अनुरूप हुआ है।
गंगा स्नान के बाद अब बाबा विश्वनाथ की अभिषेक के लिए सीधे मंदिर पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। जबकि पूर्व में संकरी-संकरी गलियां थीं और गंगा स्नान के बाद लंबी दूरी तय कर बाबा के दरबार में काफी जद्दोजहद के बाद भक्त पहुंच पाते थे। कॉरिडोर के निर्माण के दौरान 66 नए मंदिर मिले, जिनका पुनरुद्धार कराया गया।
मॉरिशस के प्रधानमंत्री से मिले सीएम योगी
- फोटो : एएनआई
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग एक लाख से अधिक भक्त बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करते हैं। नव वर्ष के अवसर पर 01 जनवरी को 7 लाख एवं शिवरात्रि को पांच लाख भक्तों ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन किया, जो रिकॉर्ड है।
मुख्यमंत्री ने इच्छा जताते हुए कहा कि मॉरिशस के भारतवंशी काशी आकर बाबा विश्वनाथ एवं माता गंगा का दर्शन करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत एवं मॉरिशस के बीच विकास की जो भी संभावनाएं हैं उसमें उत्तर प्रदेश अपना अग्रणी भूमिका निर्वहन करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत एवं मॉरिशस के मैत्रीपूर्ण संबंध को बनाए रखने में मॉरिशस के पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ (प्रधानमंत्री प्रविन्द कुमार जगन्नाथ के पिता) के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भारतीय प्रवासी दिवस के अवसर पर मॉरिशस गए थे। फरवरी, 2018 आयोजित यूपी अंबेडकर सम्मेलन के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ का शुभकामना प्राप्त हुआ था। मॉरिशस के लोग भारत को अपने पूर्वजों की धरती मानते हैं। मॉरिशस एवं भारत की संस्कृति एक जैसी है।
मॉरिशस से भी लोग भारी संख्या में काशी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज एवं कुशीनगर पर्यटन के लिए आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। उनके विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश विकास के क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है। मॉरिशस के निवासियों व व्यापारियों का उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से स्वागत है। मुख्यमंत्री ने मॉरिशस के प्रधानमंत्री को विशेष रूप से जोर देते हुए बताया कि काशी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और यहां की जनता उनसे अत्यधिक प्रेम करती है।