एयरपोर्ट से बाहर निकलते कर्नाटक के सीएम
- फोटो : अमर उजाला।
शहर में धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा भी शनिवार की शाम छह बजे वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर में उनके पहुंचने पर एयरपोर्ट अधिकारियों और प्रशासन के साथ ही भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया गया। इससे पूर्व वह दोपहर तीन बजे बेंगलुरु से हवाई अड्डे से विशेष विमान से वाराणसी रवाना हुए।
वहीं वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचते ही मुख्य टर्मिनल भवन पर हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ ही शंख बजाकर और तिलक लगाकर येदियुरप्पा का स्वागत किया गया। इसके बाद शाम 6.30 बजे वह शहर रवाना हो गए। कर्नाटक के मुख्यमंत्री वाराणसी में जंगमबाड़ी मठ में आयोजित वीरशैव शताब्दी वर्ष समारोह के कार्यक्रम में शामिल होंगे, मठ की ओर से उनको भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया था। अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे में रविवार को वह पीएम के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शताब्दी समापन समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस दौरान मुख्यमंत्री येदियुरप्पा भी शामिल होंगे। वीरशैव से संबंधित आयोजन के दौरान 19 भाषाओं में ग्रंथ जारी किया जाएगा। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी मोबाइल एप भी जारी करेंगे। वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री वाराणसी में विभिन्न धार्मिक आयोजनों में भी शामिल होंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के अलावा गंगा आरती भी कर सकते हैं और वह श्री विश्वनाथ कारीडोर धाम देखने भी जा सकते हैं। इसको लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में भी जुट गया है।