मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में ब्लॉकवार 1530 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे। जुलाई में पड़ रहे लग्न में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होने वाली शादियों की तैयारी शुरू हो गई है। इच्छुक वर-वधु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश सरकार सामूहिक विवाह का पूरा खर्च उठाएगी। वधु को पैसे और गृहस्थी के सामान दिए जाएंगे।
समाज कल्याण अधिकारी जीआर प्रजापति ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नए वित्तीय वर्ष में 1530 जोड़ों का विवाह होगा। आठों ब्लॉकों को लक्ष्य दिया गया है। काशी विद्यापीठ और चिरईगांव को छोड़कर बाकी ब्लाकों को 175-175 से अधिक शादी का लक्ष्य दिया गया।
उन्होंने बताया कि जुलाई में नौ से शुरू हो रहे लग्न में शादियां होंगी। इसकी तैयारी चल रही है। ब्लाॅकवार आवेदन भी शुरू हो गया है। सौ से अधिक आवेदन आ भी गए हैं। इस योजना में कन्याओं, विधवा महिला की पुत्री, दिव्यांगजन अभिभावक की पुत्री, दिव्यांग कन्या को प्राथमिकता मिलेगी।
लाभार्थी ऑनलाइन आवेदन cmsvy.upsdc.gov.in पर कर सकते हैं। लाभार्थी के मोबाइल पर ही विवाह की तारीख और सूचना एसएमएस से भेजी जाएगी।
हर जोड़े पर होंगे 51000 खर्च
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हर जोड़े पर 51000 खर्च होंगे। जीआर प्रजापति ने बताया कि 35000 रुपये वधु के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं। 10 हजार रुपये में शादी की सामग्री दी जाती है। जबकि विधवा, तलाकशुदा जोड़ों को पांच हजार रुपये तक की वैवाहिक सामग्री और 40 हजार रुपए खाते में जाते हैं।