सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के भवनों के संचालन की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही सीएम ने बाबा के धाम का काम नवंबर तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया है। रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण करने के दौरान सीएम ने अधिकारियों से काम में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण काम करने पर विशेष जोर दिया।
रविवार की देर शाम सीएम योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ षोडशोपचार पूजन किया। पूजन के बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम के कार्यों का जायजा लिया। सीएम ने काशी विश्वनाथ धाम में बन रहे 24 भवनों के संचालन की प्रगति रिपोर्ट अधिकारियों से मांगी। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर प्रशासन की ओर से भवनों के संचालन के लिए निविदा जारी की जा चुकी है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने सीएम को बताया कि धाम का 75 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है। फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि मंदिर परिसर के प्रवेश द्वारों का काम पूरा होने को है। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर से नंदीहाल होते हुए पश्चिमी प्रवेश द्वार की तरफ गए और वहां से बनने वाले भव्य प्रवेश द्वार को देखा। प्रवेश द्वार की ऊंचाई और उसकी भव्यता को देख मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और उनकी सुरक्षा को ध्यान देते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा। इस मौके पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार सिंह, विशेष कार्य अधिकारी उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे। इसके पूर्व सीएम ने बाबा कालभैरव का दर्शन पूजन किया।