वाराणसी में स्वच्छता अभियान का हाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब अपने संसदीय क्षेत्र में आते हैं, नगर निगम के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता सफाई के नाम पर सक्रिय हो जाते हैं। प्रधानमंत्री की वापसी के बाद भाजपा का अभियान ठंडे बस्ते में चला जाता है। इस बार भी वही हुआ। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिखावे के तौर पर स्वच्छता अभियान फिर शुरू कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ता पीएम की फ्लीट गुजरने वाले रास्तों और उनके कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता मुहिम चला रहे हैं लेकिन चाहे गंगा घाट हों या शहर के अन्य हिस्से, गंदगी से बदहाल हैं।
गंगा किनारे गंदगी का आलम देखकर लोग नाक-भौं सिकोड़ते हैं। सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। महमूरगंज, सिगरा, छित्तूपुर, मछोदरी, लल्लापुरा, सोनिया में कूड़ाघर के बाहर गंदगी का ढेर लगा है। महमूरगंज से सिगरा मार्ग पर बीच सड़क तक कूड़ा फैला है। सर्किट हाउस से कैंट, लहरतारा से बीएचयू रोड होते हुए डीरेका तक की सड़कें और डिवाइडर चमक रहे हैं। लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज पर भी सफाई की गई है। यही नहीं, जब पीएम आते हैं, कैंट से लहरतारा मार्ग पर बन रहे फ्लाईओवर की बैरिकेडिंग भी तब ही दुरुस्त की जाती है। उधर, स्वच्छ भारत अभियान के तहत बुधवार को नेहरू युवा केंद्र की ओर से सुंदरपुर स्थित बृज इन्क्लेव कॉलोनी में सफाई अभियान चलाया गया। इसकी शुरुआत महापौर राम गोपाल मोहले ने की।