श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा विदेशी महिला नागरिक को छत्ताद्वार से प्रवेश कराने पर सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक हो गई। मंदिर के नियमों के विरुद्ध जाने पर दरोगा ने जब मुख्य कार्यपालक को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उसकी नेमप्लेट और मोबाइल छीन लिया।
पूरा मामला रेड जोन के सीसीटीवी में भी दर्ज है। शुक्रवार को सुबह 8:35 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह अपने साथ तीन भारतीय और एक विदेशी महिला को छत्ताद्वार से लेकर मंदिर में जा रहे थे।
सुरक्षा प्वाइंट पर तैनात दरोगा ने उन्हें रोका और कहा कि इस द्वार से विदेशी नागरिकों को प्रवेश नहीं दिया जाता है। आप कहें तो गेट नंबर दो सरस्वती फाटक से एक जवान के साथ इनको भेज दिया जाएगा। दरोगा की यह बात मुख्य कार्यपालक को नागवार गुजरी।
दरोगा की बातों को अनसुना करके वह जबरदस्ती आगे बढ़ गए। दरोगा ने उन सभी लोगों की तस्वीर अपनी मोबाइल में कैद कर ली। इस पर मुख्य कार्यपालक भड़क गए और वापस आकर दरोगा का मोबाइल और नेमप्लेट छीन ली। इसके बाद दोनों तरफ से विवाद बढ़ गया।
मामले की जानकारी होते ही पाली प्रभारी मौके पर पहुंचे और मुख्य कार्यपालक को बताया कि विदेशी नागरिकों को सरस्वती फाटक से प्रवेश दिया जाता है और रेड जोन स्थित पुलिस चौकी द्वारा उनकी डिटेल भरी जाती है।
उसके बाद ही कोई भी विदेशी मंदिर क्षेत्र में प्रवेश करता है। इतनी जानकारी देने के बाद भी मुख्य कार्यपालक उक्त विदेशी महिला को अपने साथ लेकर कार्यालय में गए।