पांच से ज्यादा घाटों पर सीधे गंगा में गिर रहा सीवर
पड़ताल के दौरान मीर घाट, बुंदी परकोटा, सक्का घाट, हनुमानगढ़ी और मानसरोवर घाट पर गंदगी सीधे गंगा में जाती दिखाई दी। वहीं, अन्य घाटों की निचली सतह पर भी गंदगी मिली। पंचगंगा घाट और ललिता घाट के सामने गंगा में भी गंदगी तैरती नजर आई।
10 से ज्यादा घाटों पर कपड़े और कूड़े के गट्ठर
घाटों की सफाई अभी पूरी नहीं हुई है। कई जगह कूड़े के गट्ठर बनाकर छोड़ दिए गए हैं। जल पुलिस चौकी के नीचे, शीतला घाट, दशाश्वमेध घाट और केदार घाट समेत कई जगह कपड़ों के गट्ठर पड़े मिले।
पांच घाटों पर ही सफाई करते दिखे कर्मचारी
राजेंद्र प्रसाद घाट, ललिता घाट, ब्रह्मा घाट और अस्सी घाट पर ही कर्मचारी मशीनों से सफाई करते दिखे। वहीं, हनुमानगढ़ी घाट पर दो मजदूर मशीन से सीवर की सफाई करते नजर आए। वहीं, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पार्षदों के साथ तैयारियों का निरीक्षण किया।
घाट किनारे बनने लगीं वेदियां
छठ पूजा को लेकर अस्सी घाट, सामनेघाट, पक्का घाट, रविदास घाट, परमहंस आश्रम घाट, गीता घाट, कबीर घाट और विश्वसुंदरी पुल के नीचे तक तैयारियां शुरू हो गई हैं। घाटों पर लोग पहले से ही जगह घेरकर पूजन वेदियां बना रहे हैं। बुधवार को भी कई जगह लोग वेदियां बनाते नजर आए।
छठ पूजा को ध्यान में रखकर नगर निगम की पूरी टीम लगी है। पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा ली जाएंगी। सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने जोन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें घाटों की सफाई करवाने और वहां व्रतियों के लिहाज से सुविधाएं उपलब्ध कराने जिम्मेदारी दी गई है। -अशोक कुमार तिवारी, मेयर