दिल्ली, मुंबई, गुजरात और पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव है। कैफियत, गोदान, सूरत-छपरा, साबरमती, सरयू-यमुना और गरीब नवाज एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर और थर्ड एसी की सीटें फुल हो चुकी हैं।
जिन यात्रियों के पास कंफर्म टिकट हैं, उनकी मुश्किलें भी कम नहीं हैं। कोच में चढ़ने से लेकर अपनी सीट तक पहुंचने के लिए उन्हें भीड़ के बीच जूझना पड़ रहा है। सामान्य और स्लीपर कोचों में हालात ऐसे हैं कि कई यात्रियों को पूरी यात्रा खड़े होकर करनी पड़ रही है।
इस भीड़ के पीछे त्योहारों के बाद काम पर लौटने की मजबूरी भी है। रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में रहने वाले कामगार समय से अपने कार्यस्थलों पर पहुंचना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे की ओर से यात्रियों का दबाव कम करने के लिए फेस्टिवल और पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन नियमित ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
खुरासन रोड के आरक्षण लिपिक मनोज कुमार ने बताया कि इन दिनों ट्रेनें पूरी तरह भरी चल रही हैं। छठ पूजा के बाद यात्रियों की भीड़ कम होने और ट्रेनों में स्थिति सामान्य होने की संभावना है। फिलहाल यात्रियों को सफर के लिए कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है।