वाराणसी के चौकाघाट में दो लोगों की हत्या एसटीएफ के हाथों 29 जुलाई 2015 को मुठभेड़ में मारे गए रोहित सिंह उर्फ सनी के गिरोह के नरोत्तमपुर निवासी मनीष सिंह उर्फ सोनू ने की थी। वारदात की साजिश रचने में वांछित बड़ी पियरी निवासी रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू भी शामिल था। कस्टडी रिमांड पर लिए गए विवेक सिंह कट्टा और हेमंत सिंह से यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस सोनू और किट्टू की तलाश में नए सिरे से जुट गई है।
वहीं, विवेक की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त 0.32 बोर की देसी पिस्टल, दो कारतूस और बगैर नंबर की स्विफ्ट कार बड़ागांव थाना के सेमरी से बरामद की है। जबकि, हेमंत की निशानदेही पर एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किया गया है। बुधवार को दोनों का मेडिकल मुआयना करा कर उन्हें पुलिस ने वापस जेल में दाखिल कर दिया।