बीते दो तीन दिनों से कभी तेज तो कभी धीमी गति से हो रही बारिश का असर यूपी के बांधों पर भी पड़ा है। चंदौली जिले में नौगढ़, मूसाखाड़, चंद्रप्रभा बाधों के भर जाने से लतीफ शाह बीयर उफना गया है। चार फिट पानी गिरने से निचले इलाकों में बाढ़ के हालात बनने लगे हैं। इस मौसम में यह पहला मौका है जब लतीफ शाह बीयर रौद्र रूप में आया है।
इसके अलावा लगातार बारिश से गंगा के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार दो सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का जल स्तर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल बोर्ड के अनुसार तिरगांवा गंगा घाट पर रविवार की शाम जल स्तर 54.285 मीटर हो गया है। यह खतरे के निशान 57.650 मीटर से मात्र तीन मीटर कम रह गया है।
लगातार जल स्तर बढ़ने से लोग बाढ़ के भय से सहमे हुए हैं। सोनभद्र में हुई भीषण बारिश का पानी बाधों में पहुंचने से लबालब बांध को सुरक्षित रखने के दृष्टिगत 49 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सिंचाई इंजीनियरों ने सुरक्षा के दृष्टिगत कर्मियों को अलर्ट कर दिया है।
चंदौली के साथ ही पास-पड़ोस के जिले में भी इन दिनों भारी बारिश हो रही है। सोनभद्र में हुई बारिश के कारण चंद्रप्रभा बांध का लेवल तेजी से ऊपर गया है। नौगढ़ एवं मूसाखाड़ बाध में पहाड़ों पर हुई बारिश का एक- एक बूंद पानी जमा होने से इंजीनियर अलर्ट हो गए हैं।