वाराणसी जिले की कैंट पुलिस ने साइन सिटी के सीएमडी, एमडी और एक एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इन पर सात लाख रुपये हड़पने के मामले में केस दर्ज हुआ है।
साइन सिटी इंफ्रा प्राइवेट कंपनी के सीएमडी, एमडी और एक एजेंट के खिलाफ कैंट थाने में न्यायालय के आदेश से धोखाधड़ी समेत अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि जमीन देने की बात कह कर उनके सात लाख रुपये हड़प लिए गए। अर्दली बाजार, डिठौरी महल निवासी मनीष कुमार गुप्ता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था।
विज्ञापन
ये है आरोप
आरोप है कि प्लाट देने के नाम पर उन्हें व उनके पिता लक्ष्मी नारायण को प्रोजेक्ट आशिकाना में कपंनी की स्थानीय ब्रांच सूर्योदय कॉप्लेक्स, जेपी मेहता कॉलेज रोड पर बुलाया गया। वहां कंपनी के एजेंट कुबेर नगर कालोनी अनौला निवासी सुभाष दूबे ने दिसंबर 2018 और मई 2019 में सात लाख रुपये लिया।
समय बीतने के बाद जब रजिस्ट्री की बात कही गई तो सुभाष कंपनी के करेली, प्रयागराज निवासी सीएमडी राशिद नसीम व एमडी आसिफ नसीम का हवाला देते हुए गुमराह करते रहे। इसकी शिकायत कैंट थाने की पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नही हुई तो उन्होंने न्यायालय में गुहार लगाई।